उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने आकांक्षी जिला कार्यक्रम की समीक्षा की, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर दिया जोर

चंबा, 30 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में आज आकांक्षी जिला एवं आकांक्षी खंड कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न सूचकांकों की प्रगति, निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) योजना तथा नीति आयोग निधियों के प्रभावी एवं परिणामोन्मुख उपयोग को लेकर राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक में उपायुक्त ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित विकासात्मक गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर विशेष बल दिया।स्वास्थ्य विभाग से जुड़े संकेतकों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को जिले में कम जन्म वजन शिशुओं की प्रतिशत दर का खंडवार विवरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

साथ ही आगामी बैठक में विभिन्न स्वास्थ्य मानकों से संबंधित विस्तृत प्रेजेंटेशन तैयार करने को भी कहा।उपायुक्त ने निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व योजना एवं नीति आयोग निधियों के उपयोग को लेकर विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा पूर्ण हो चुके कार्यों के उपयोगिता प्रमाण पत्र शीघ्र उपलब्ध करवाने को कहा।शिक्षा क्षेत्र की समीक्षा के दौरान उन्होंने उपनिदेशक उच्च शिक्षा को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय करियाँ के भवन निर्माण हेतु प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त निर्मित विद्यालय भवनों को विभाग के अधीन लेने तथा ऑनलाइन अपलोड किए गए आंकड़ों में पाई गई विसंगतियों की जांच करने को भी कहा।वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उपायुक्त ने अग्रणी बैंक प्रबंधक को प्रधानमंत्री जन सुरक्षा बीमा योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों की संख्या बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए।

बैठक में विभिन्न विभागीय अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की। उपायुक्त ने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्यान, बाल विकास, वित्तीय समावेशन एवं कौशल विकास से जुड़े मानकों की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए।इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जेएस भारद्वाज, प्राचार्य डॉ. पंकज गुप्ता, जिला योजना अधिकारी डॉ. भूपेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।