देहग्रा में चामुंडा माता जातर मेले की धूम, चुराही नाटी ने बांधा समां

देहग्रा में चामुंडा माता जातर मेले की धूम, चुराही नाटी ने बांधा समां

तीसा 19 जुलाई दिलीप सिंह ठाकुर

चुराह उपमंडल के बैरागढ़ क्षेत्र के देहग्रा गांव स्थित चामुंडा माता मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय जातर मेला श्रद्धा, आस्था और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। मेले के दूसरे दिन रविवार को मंदिर परिसर भक्तों से खचाखच भरा रहा और पूरे क्षेत्र में धार्मिक वातावरण बना रहा।सुबह से ही आसपास के गांवों सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालु माता के दर्शन के लिए मंदिर पहुंचे। भक्तों ने माता चामुंडा के दरबार में माथा टेककर सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। इस अवसर पर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया, जिससे माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया।मेले का मुख्य आकर्षण पारंपरिक चुराही नाटी रही, जिसने सभी का मन मोह लिया। स्थानीय महिला-पुरुष पारंपरिक वेशभूषा में सजे-धजे ढोल-नगाड़ों की थाप पर थिरकते नजर आए।

लोकगीतों की मधुर धुनों पर प्रस्तुत की गई नाटी ने सांस्कृतिक विरासत की झलक पेश की और उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस दौरान स्थानीय संस्कृति और परंपराओं का जीवंत प्रदर्शन देखने को मिला।मेले में विभिन्न प्रकार की दुकानों और झूलों ने भी लोगों, खासकर बच्चों को आकर्षित किया। ग्रामीणों और आगंतुकों ने मेले का भरपूर आनंद लिया और सामाजिक मेलजोल को बढ़ावा मिला।मेला कमेटी और स्थानीय प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं, जिससे आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो रहा है।मेले के तीसरे और अंतिम दिन सोमवार को ‘बड़ी जातर’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। बड़ी जातर के दौरान विशेष धार्मिक अनुष्ठान आयोजित होंगे, जो इस मेले का प्रमुख आकर्षण रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!