डलहौजी हिलटॉप स्कूल में 26 जून को विशाल रक्तदान शिविर का होगा आयोजन, युवाओं से भागीदारी की अपील

डलहौजी/ चम्बा, 22 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
मानव सेवा के महान उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए सनातन धर्म सभा कुटपालिहान द्वारा पांचवां विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया जा रहा है। यह शिविर 26 जून 2026, शुक्रवार को सुबह 10 बजे से डलहौजी हिल टॉप स्कूल परिसर में आयोजित होगा।आयोजकों ने जानकारी देते हुए बताया कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करना और समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम को “रक्तदान महादान” की भावना के साथ आयोजित किया जा रहा है, जिसमें अधिक से अधिक लोगों से भाग लेने की अपील की गई है।पोस्टर में संदेश दिया गया है कि “नशा नहीं, रक्तदान करें; मानवता का सम्मान करें” तथा “आपकी एक बूंद रक्त किसी की पूरी जिंदगी बचा सकती है।”

यह शिविर नशा निरोधक दिवस के अवसर पर विशेष रूप से आयोजित किया जा रहा है, जिससे समाज में सकारात्मक संदेश दिया जा सके।शिविर में भाग लेने के इच्छुक लोग निर्धारित समय पर पहुंचकर रक्तदान कर सकते हैं। आयोजकों ने बताया कि रक्तदान पूरी तरह सुरक्षित प्रक्रिया है और इससे किसी प्रकार का नुकसान नहीं होता, बल्कि यह स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी माना जाता है।इस आयोजन को डलहौजी हिल टॉप स्कूल द्वारा प्रायोजित किया गया है। आयोजकों ने युवाओं और आम जनता से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस पुनीत कार्य में सहयोग देने की अपील की है, ताकि जरूरतमंद लोगों की जान बचाई जा सके और समाज में मानवता का संदेश मजबूत हो।
