TVS मोटर ने आपदा राहत कोष में दिए 2 करोड़ रुपये, मुख्यमंत्री ने जताया आभार

शिमला, 19 अगस्त चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
हिमाचल प्रदेश में प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित परिवारों की सहायता के लिए कॉर्पोरेट जगत भी आगे आ रहा है। इसी कड़ी में देश की प्रमुख ऑटोमोबाइल कंपनी TVS मोटर ने मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 2 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की है।बुधवार को नई दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान TVS मोटर के वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रसाद कृष्णन ने कंपनी के चेयरमैन सुदर्शन वेणु की ओर से मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू को 2 करोड़ रुपये का चेक भेंट किया।

यह राशि राज्य में हालिया प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोगों के पुनर्वास और राहत कार्यों में उपयोग की जाएगी।मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने इस सहयोग के लिए TVS ग्रुप का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में निजी क्षेत्र की भागीदारी और सहयोग अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के कारण अनेक परिवारों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है और ऐसे समय में विभिन्न संस्थाओं तथा उद्योग समूहों द्वारा दिया गया सहयोग प्रभावित लोगों को राहत पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि TVS ग्रुप का यह योगदान न केवल आर्थिक सहायता है, बल्कि आपदा प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी का भी परिचायक है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस राशि से राहत एवं पुनर्वास कार्यों को और मजबूती मिलेगी तथा प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी।उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रभावित लोगों के पुनर्वास और राहत कार्यों के लिए प्रतिबद्ध है तथा समाज के विभिन्न वर्गों से मिल रहे सहयोग से इस दिशा में प्रयासों को और गति मिलेगी।
