PHC चनेड़ ने रचा इतिहास, राष्ट्रीय स्तर पर NQAS प्रमाणन प्राप्त करने वाला प्रदेश का पहला केंद्र बना

चम्बा 22 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) चनेड़ ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए हिमाचल प्रदेश का पहला ऐसा केंद्र बनने का गौरव प्राप्त किया है, जिसे राष्ट्रीय स्तर पर NQAS (नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड्स) प्रमाणन मिला है। इससे पहले भी यह केंद्र राज्य स्तर पर NQAS प्रमाणन प्राप्त कर प्रदेश में अग्रणी स्थान हासिल कर चुका है।PHC चनेड़ की इस सफलता को और भी खास बनाता है कि इस केंद्र को ‘कायाकल्प’ पुरस्कार छह बार मिल चुका है। यह पुरस्कार स्वच्छता, संक्रमण नियंत्रण, रोगी-अनुकूल वातावरण और उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दिया जाता है, जो संस्थान की निरंतर गुणवत्ता सुधार के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।राष्ट्रीय मूल्यांकन के दौरान PHC चनेड़ ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किए, जो गुणवत्ता मानकों, रोगी संतुष्टि, क्लीनिकल सेवाओं, संक्रमण नियंत्रण और प्रबंधन प्रणाली में उत्कृष्ट प्रदर्शन का प्रमाण है।

यह उपलब्धि स्वास्थ्य विभाग हिमाचल प्रदेश और केंद्र की समर्पित टीम के निरंतर प्रयासों का परिणाम मानी जा रही है।NQAS, भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा विकसित एक राष्ट्रीय गुणवत्ता मूल्यांकन प्रणाली है, जिसके तहत स्वास्थ्य संस्थानों का विभिन्न मानकों पर आकलन किया जाता है। राष्ट्रीय स्तर पर प्रमाणन प्राप्त करने के लिए निर्धारित मानकों में उच्च अंक प्राप्त करना अनिवार्य होता है।PHC चनेड़ की यह उपलब्धि न केवल चंबा जिले बल्कि पूरे हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने केंद्र की टीम को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता अन्य स्वास्थ्य संस्थानों के लिए प्रेरणा बनेगी और प्रदेश में गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ करेगी।