रंगड़ में स्कूलों के पास हाई वोल्टेज ट्रांसफॉर्मर बना खतरा, ग्रामीणों ने उठाई सुरक्षा की मांग

डलहौजी/ चम्बा 16 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा जिले के विकासखंड भटियात के अंतर्गत ग्राम पंचायत नगाली के रंगड़ गांव में स्थित राजकीय माध्यमिक एवं प्राथमिक पाठशाला के समीप लगा विद्युत विभाग का हाई वोल्टेज ट्रांसफॉर्मर इन दिनों स्कूली बच्चों और स्थानीय ग्रामीणों के लिए गंभीर खतरे का कारण बना हुआ है। जहां एक ओर विद्युत विभाग उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर लगाकर आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने में जुटा है, वहीं दूसरी ओर इस गांव में ट्रांसफॉर्मर के साथ लटकती नंगी तारें विभागीय लापरवाही की पोल खोल रही हैं।यह ट्रांसफॉर्मर मुख्य मार्ग के किनारे स्थित है, जिससे होकर रोजाना गांव के लोग, बड़े-छोटे बच्चे और सिर पर बोझा उठाए ग्रामीण गुजरते हैं। इसी स्थान के पास दोनों सरकारी स्कूल भी स्थित हैं, जहां पढ़ने वाले बच्चे खेल-खेल में कभी भी इन नंगी तारों की चपेट में आ सकते हैं।

विशेष रूप से बरसात के मौसम में यह खतरा और भी बढ़ जाता है, जब गीली जमीन के कारण करंट फैलने की आशंका अधिक रहती है।स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने कई बार इस समस्या को लेकर विद्युत विभाग और प्रशासन को अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। न तो ट्रांसफॉर्मर के आसपास कोई सुरक्षा घेराबंदी की गई है और न ही चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं, जिससे लोगों को खतरे के प्रति सतर्क किया जा सके।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस ट्रांसफॉर्मर को जल्द से जल्द किसी सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए या फिर इसके चारों ओर मजबूत घेराबंदी कर उचित सुरक्षा उपाय किए जाएं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इस ओर ध्यान नहीं दिया गया, तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी।
