चंबा में सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश, उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने की समीक्षा बैठक

चंबा में सड़क सुरक्षा को लेकर सख्त निर्देश, उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने की समीक्षा बैठक

चंबा, 20 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)

उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल की अध्यक्षता में आज जिला सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र (एनआईसी) के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न मुद्दों, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा संबंधित विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश देते हुए कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत निर्धारित सहायता और निःशुल्क उपचार का लाभ समय पर मिलना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि इस योजना के अंतर्गत दुर्घटना पीड़ितों को अधिकतम 1.50 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध करवाया जाता है, जो सरकारी एवं सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में भी मान्य है। उन्होंने जानकारी दी कि जिला चंबा में अब तक 13 पीड़ित इस योजना से लाभान्वित हो चुके हैं।बैठक में विद्यार्थियों की सुरक्षित आवाजाही पर विशेष जोर देते हुए उपायुक्त ने सभी स्कूलों से जुड़े वाहनों और निजी परिवहन साधनों का पूरा ब्यौरा एकत्रित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने वाले वाहनों को ही छात्रों के परिवहन की अनुमति दी जाएगी। साथ ही वाहन चालकों को अवकाश अवधि के दौरान आवश्यक दस्तावेज पूर्ण करने के निर्देश भी दिए गए।उपायुक्त ने क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी को बिना फिटनेस प्रमाण पत्र के वाहनों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस विभाग को बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने और बिना नंबर प्लेट वाले वाहनों के खिलाफ अभियान तेज करने को कहा। राष्ट्रीय राजमार्ग सहित सभी सड़कों पर अवैध पार्किंग रोकने तथा स्कूलों के पास स्पीड ब्रेकर और साइन बोर्ड लगाने के निर्देश भी दिए गए।बैठक में आईआईटी मद्रास के ‘डेटा-ड्रिवन हाइपरलोकल इंटरवेंशन’ कार्यक्रम पर भी चर्चा हुई, जिसके तहत दुर्घटना संभावित स्थलों की पहचान कर सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, परिवहन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!