डलहौजी नगर परिषद चुनाव, चुनाव चिन्ह मिलने के बाद सियासी तस्वीर साफ, मुकाबला हुआ दिलचस्प

डलहौजी/ चम्बा 06 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
डलहौजी नगर परिषद चुनावों में नामांकन वापसी और चुनाव चिन्ह आवंटन के बाद अब राजनीतिक तस्वीर पूरी तरह स्पष्ट हो गई है। उम्मीदवारों के हाथ में चुनाव चिन्ह आते ही यह साफ हो गया है कि कौन किस पाले से चुनावी मैदान में उतर रहा है। इसके साथ ही विभिन्न वार्डों में मुकाबला अब और अधिक रोचक एवं कड़ा हो गया है।नाम वापसी के अंतिम दिन कई उम्मीदवारों ने चुनाव मैदान से अपने कदम पीछे खींच लिए। वार्ड नंबर 1 लोअर बकरोटा से मनीषा देवी, वंदना कुमारी और कल्पना देवी ने नाम वापस लिया। वहीं वार्ड नंबर 2 लोहाली से मनीष कुमार, जयदेव और तिलक राज ने अपनी उम्मीदवारी वापस ली। वार्ड नंबर 3 जीपीओ से संजीव कुमार, रेनू, मयूक चड्ढा, प्रेमदीप कोहड़ा और दीपक कुमार ने नाम वापस लिया। इसी तरह वार्ड नंबर 4 से संतोष कुमारी, तलविंदर, रोहित और दीपक कुमार, वार्ड नंबर 5 से प्रीति, गंगोत्री, पूजा कुमारी, पल्लवी मिशेल और ज्योति कोड, वार्ड नंबर 6 से रानी शर्मा और मीना पठानिया, वार्ड नंबर 7 से वीना देवी, रीना और किरण देवी, वार्ड नंबर 8 से वंदना कुमारी, रेणु देवी और मीनाक्षी भंडारी तथा वार्ड नंबर 9 से अजय कुमार, तिलक राज और मयूक चड्ढा ने अपने नाम वापस लिए।

चुनाव चिन्ह आवंटन के बाद अब सभी वार्डों में प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला तय हो गया है। वार्ड नंबर 1 में कांग्रेस की रीना को ‘कुर्सी’ जबकि भाजपा की रीना देवी को ‘ताला-चाबी’ चुनाव चिन्ह मिला है। वार्ड नंबर 2 में आजाद उम्मीदवार अजय सिंह को ‘कुर्सी’, कांग्रेस के भान सिंह को ‘ताला-चाबी’, आजाद राकेश कुमार को ‘सिलाई मशीन’ और भाजपा के राम सिंह को ‘वायुयान’ चिन्ह मिला है।वार्ड नंबर 3 में भाजपा के तलविंदर को ‘कुर्सी’ और कांग्रेस के हरप्रीत को ‘ताला-चाबी’ मिला है। वार्ड नंबर 4 हिंदू लेन में भाजपा के अजय नाहर को ‘कुर्सी’ और कांग्रेस के परवीन को ‘ताला-चाबी’ मिला है।

वार्ड नंबर 5 कॉन्वेंट में भाजपा की रेणु देवी ‘कुर्सी’ जबकि कांग्रेस की वंदना कुमारी ‘ताला-चाबी’ चिन्ह के साथ मैदान में हैं।वार्ड नंबर 6 कथलग में कांग्रेस की इंदिरा को ‘कुर्सी’ और भाजपा की रजनी को ‘ताला-चाबी’ मिला है। वार्ड नंबर 7 बकरोटा में भाजपा की आशा ‘कुर्सी’ और कांग्रेस की वंदना ‘ताला-चाबी’ के साथ चुनाव लड़ रही हैं। वार्ड नंबर 8 मोतीटिब्बा में भाजपा की पल्लवी को ‘कुर्सी’ और कांग्रेस की प्रीति गंडोत्रा को ‘ताला-चाबी’ मिला है। वहीं वार्ड नंबर 9 डलहौजी क्लब में आजाद उम्मीदवार जितेंद्र शर्मा ‘कुर्सी’, कांग्रेस के तिलक राज ‘ताला-चाबी’ और भाजपा के विजय जैसवाल ‘सिलाई मशीन’ चिन्ह के साथ मैदान में हैं।इन चुनावों के साथ डलहौजी की राजनीति में खींचतान और भी तेज हो गई है।

एक ओर भाजपा विधायक डीएस ठाकुर का खेमा सक्रिय है, तो दूसरी ओर भाजपा के वरिष्ठ नेता रहे मनोज चड्ढा के कांग्रेस के साथ खड़े होने की चर्चाएं सियासी माहौल को और गर्मा रही हैं।अब यह चुनाव केवल राजनीतिक प्रतिस्पर्धा तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि यह वर्चस्व की लड़ाई का रूप ले चुका है। डलहौजी की जनता किस पर अपना भरोसा जताती है, यह आने वाला समय ही तय करेगा। जो भी उम्मीदवार जनता का विश्वास जीतने में सफल होगा, वही नगर परिषद की सत्ता पर काबिज होगा।