टीबी मुक्त भारत अभियान को गति देने के लिए एनटीईपी की समीक्षा बैठक आयोजित

चम्बा, 30 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, चम्बा द्वारा राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (NTEP) के अंतर्गत जिला स्तरीय समीक्षा बैठक का आयोजन मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम भारद्वाज की अध्यक्षता में किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य टीबी मुक्त भारत अभियान 2.0 की प्रगति की समीक्षा करना तथा अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने की रणनीति तय करना रहा।बैठक के दौरान जिले में टीबी रोगियों की पहचान, जांच और उपचार की वर्तमान स्थिति का विस्तृत आकलन किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने सभी स्वास्थ्य अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि संभावित टीबी रोगियों की समय पर पहचान सुनिश्चित की जाए तथा उन्हें शीघ्र जांच और उपचार की सुविधा उपलब्ध करवाई जाए।

इस दौरान सभी प्राथमिक स्वास्थ्य संस्थानों (PHI) और आईसीटीसी केंद्रों में छाती संबंधी लक्षणों के आधार पर रेफरल और परीक्षण की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही मई माह के दौरान जिला चम्बा में खंड स्तर पर जिला क्षय केंद्र (DTBC) के कार्यान्वयन की स्थिति का भी मूल्यांकन किया गया।बैठक में टीबी रोधी दवाइयों की उपलब्धता, उनके वितरण तथा निक्षय औषधि की वर्तमान स्थिति पर भी विस्तार से चर्चा की गई। डॉ. जालम भारद्वाज ने कहा कि टीबी उन्मूलन केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है।उन्होंने सभी स्वास्थ्य संस्थानों को निर्देशित किया कि प्रत्येक पात्र मरीज तक निक्षय सेवाओं का लाभ समय पर पहुंचाया जाए, ताकि भारत को टीबी मुक्त बनाने के राष्ट्रीय लक्ष्य को निर्धारित समय में प्राप्त किया जा सके।बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. हरित पुरी, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. नवदीप राठौर, डॉ. पदमा, डॉ. विवेक, डॉ. मनोज सहित एनटीईपी से जुड़े कर्मचारी उपस्थित रहे।
