चिल्ली के पास खड़ी चढ़ाई पर बड़ा हादसा टला, अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लटकी पिकअप

तीसा/ चम्बा 22 जून दिलीप सिंह ठाकुर
तीसा-चंबा मुख्य मार्ग पर आज सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। जानकारी के अनुसार, चिल्ली के पास स्थित खड़ी चढ़ाई पर पठानकोट से सब्जियां लेकर तीसा आ रही एक पिकअप गाड़ी अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लटक गई। गनीमत यह रही कि वाहन खाई में गिरने से बच गया, अन्यथा गंभीर दुर्घटना हो सकती थी।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पिकअप गाड़ी जब चिल्ली की खड़ी चढ़ाई चढ़ रही थी, तो अधिक ढलान के कारण वाहन आगे बढ़ने में असफल हो गया। चालक ने स्थिति को संभालने के लिए गाड़ी को पीछे लेने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान वाहन संतुलन खो बैठा और घूमकर सड़क के किनारे लटक गया।

इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।हालांकि, राहत की बात यह रही कि चालक पूरी तरह सुरक्षित है और उसे किसी प्रकार की चोट नहीं आई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और वाहन को सुरक्षित करने का प्रयास किया।गौरतलब है कि चिल्ली क्षेत्र की यह खड़ी चढ़ाई पहले भी कई बार दुर्घटनाओं का कारण बन चुकी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां सड़क संकरी होने के साथ-साथ ढलान भी काफी अधिक है, जिससे भारी वाहनों को चढ़ाई चढ़ने में दिक्कत होती है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस संवेदनशील स्थल पर सुरक्षा दीवार (क्रैश बैरियर) का निर्माण किया जाए और उचित चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके। उन्होंने यह भी कहा कि सड़क सुधार कार्य जल्द किया जाना चाहिए, जिससे यात्रियों और चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।