डल्हौजी की पांच महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं में देरी का मुद्दा विधानसभा में गूंजा , डीएस ठाकुर ने सरकार की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

डल्हौजी की पांच महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं में देरी का मुद्दा विधानसभा में गूंजा , डीएस ठाकुर ने सरकार की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

डल्हौजी/ चम्बा 21 नवम्बर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान डल्हौजी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डीएस ठाकुर ने क्षेत्र में प्रस्तावित नई सड़कों के निर्माण में हो रही देरी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने विधानसभा प्रश्न के माध्यम से लोक निर्माण मंत्री और प्रदेश सरकार का ध्यान क्षेत्र की पांच महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं की ओर आकर्षित करते हुए इनके निर्माण कार्य में हो रही अनावश्यक देरी पर चिंता जताई।विधायक ने कहा कि इन सड़कों के निर्माण के लिए आवश्यक वन संरक्षण अधिनियम (FCA) और वन अधिकार अधिनियम (FRA) से संबंधित स्वीकृतियां प्राप्त होने के बावजूद धरातल पर निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार दुर्गम क्षेत्रों की जनता की बुनियादी जरूरतों और विकास से जुड़े महत्वपूर्ण कार्यों को लेकर गंभीरता नहीं दिखा रही है।

उन्होंने नडल से जुतराहन सड़क, सगोटी-भजोत्रा सड़क, सलूणी के शलयुण्ड के लिए सड़क, तेलका की काली छांड सड़क तथा डल्हौजी के शेरपुर से सिमणी, गांढीयार, भरुडी और ककियन्ना सड़क परियोजना का मामला सदन में उठाया।डीएस ठाकुर ने कहा कि लोक निर्माण मंत्री की ओर से दिए गए जवाब में इन परियोजनाओं के निर्माण में देरी का कारण अपर्याप्त बजट बताया गया है, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जब वन संबंधी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं तो सरकार को बजट उपलब्ध करवाकर निर्माण कार्य जल्द शुरू करवाना चाहिए।विधायक ने कहा कि सड़कें दुर्गम क्षेत्रों के विकास की जीवनरेखा होती हैं। इनके अभाव में ग्रामीणों को शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं तक पहुंचने में परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बजट की कमी का हवाला देकर क्षेत्र की जनता के हितों की अनदेखी स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने इन सड़कों के निर्माण के लिए विधानसभा से लेकर सड़क तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प दोहराया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!