मानसिक बीमारी से ग्रसित बेघर लोगों की पहचान हेतू कल 7 से 9 अक्तूबर तक चलेगा विशेष अभियान

मानसिक बीमारी से ग्रसित बेघर लोगों की पहचान को 7 से 9 अक्तूबर तक चलेगा विशेष अभियान

चंबा, 06 अक्तूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चंबा की ओर से मानसिक बीमारी से ग्रसित बेघर व्यक्तियों की पहचान, बचाव तथा उन्हें आवश्यक उपचार एवं सहायता उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से कल 7 से 9 अक्तूबर, 2026 तक तीन दिवसीय विशेष अभियान चलाया जाएगा। अभियान के दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे बेघर व्यक्तियों की पहचान की जाएगी, जो मानसिक बीमारी से ग्रसित हैं अथवा जिन्हें मानसिक स्वास्थ्य संबंधी सहायता की आवश्यकता है।अभियान के तहत चिन्हित व्यक्तियों को आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण, उपचार, परामर्श, पुनर्वास और सामाजिक सहायता उपलब्ध करवाने के लिए संबंधित विभागों एवं संस्थाओं के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य ऐसे जरूरतमंद लोगों को समयबद्ध तरीके से उपचार एवं सहायता उपलब्ध करवाकर उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने के लिए आवश्यक सुविधाओं से जोड़ना है।

अभियान के सफल संचालन के लिए जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, समाज कल्याण विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों एवं हितधारकों के साथ समन्वय किया जा रहा है। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के पैरा लीगल वालंटियर्स (PLVs) भी अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। PLVs ऐसे व्यक्तियों की पहचान करने तथा उनके संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सूचना उपलब्ध करवाने में सहयोग करेंगे।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने आम जनता से अभियान में सक्रिय सहयोग एवं सहभागिता की अपील की है। यदि किसी नागरिक को अपने आसपास कोई ऐसा बेघर व्यक्ति दिखाई देता है, जो मानसिक बीमारी से ग्रसित प्रतीत होता है या जिसे मानसिक स्वास्थ्य संबंधी उपचार अथवा सहायता की आवश्यकता है, तो इसकी सूचना निकटतम पुलिस थाना, स्थानीय प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग अथवा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण को दी जा सकती है।

प्राधिकरण ने कहा कि मानसिक बीमारी से ग्रसित एवं बेघर व्यक्तियों को सम्मानजनक जीवन, उपचार, देखभाल तथा कानूनी एवं कल्याणकारी सेवाओं तक पहुंच सुनिश्चित करना सामूहिक जिम्मेदारी है। अभियान का मुख्य उद्देश्य जरूरतमंद व्यक्तियों को चिन्हित कर उन्हें उचित उपचार, पुनर्वास और आवश्यक सहायता से जोड़ना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!