ककीरा स्कूल में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, 170 विद्यार्थियों को दी कानून की जानकारी

ककीरा स्कूल में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, 170 विद्यार्थियों को दी कानून की जानकारी

भटीयात/चंबा, 14 अक्टूबर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चंबा द्वारा हिमाचल प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण की अक्टूबर माह की कार्ययोजना के तहत बुधवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, ककीरा में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के 170 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस दौरान विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों, कर्तव्यों तथा समाज में जिम्मेदार नागरिक की भूमिका के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, चंबा के सचिव एकांश कपिल तथा पुलिस चेक पोस्ट (पीसीपी) तुन्नूहट्टी के प्रभारी उपनिरीक्षक मेघ राज ने स्रोत व्यक्तियों के रूप में विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने विद्यार्थियों को विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए कानून के प्रति जागरूक रहने और उसका पालन करने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को भारतीय संविधान में निहित मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों, संवैधानिक मूल्यों, नशे की रोकथाम, सड़क सुरक्षा, बाल संरक्षण और साइबर सुरक्षा जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया गया। वक्ताओं ने विशेष रूप से नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों और इससे युवाओं के भविष्य पर पड़ने वाले नकारात्मक प्रभावों के बारे में जानकारी दी। साथ ही स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) के प्रमुख प्रावधानों से भी अवगत करवाया।इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने, साइबर धोखाधड़ी से बचने और ऑनलाइन गतिविधियों के दौरान सतर्कता बरतने के उपाय बताए गए। उन्हें इंटरनेट पर व्यक्तिगत जानकारी साझा करने में सावधानी रखने तथा किसी भी साइबर अपराध या ऑनलाइन खतरे की स्थिति में संबंधित अधिकारियों से सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया।वक्ताओं ने कहा कि युवाओं को कानून की जानकारी होना आवश्यक है, ताकि वे अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के साथ-साथ अपने कर्तव्यों का भी ईमानदारी से निर्वहन कर सकें।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में विधिक जागरूकता बढ़ाना तथा उन्हें सुरक्षित, जिम्मेदार और जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!