अवांह पेयजल योजना का शुभारंभ, 2 हजार लोगों को मिलेगा स्वच्छ पानी

अवांह पेयजल योजना का शुभारंभ, 2 हजार लोगों को मिलेगा स्वच्छ पानी

भटियात में जून 2027 तक जल शक्ति विभाग की योजनाओं पर खर्च होंगे 900 करोड़ रुपये:- कुलदीप सिंह पठानिया

भटीयात/चंबा 14 अक्तूबर चंबा न्यूज एक्सप्रेस (ब्यूरो)

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बुधवार को भटियात विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत अवांह में 77 लाख रुपये की लागत से नवनिर्मित उठाऊ पेयजल योजना का विधिवत शुभारंभ किया। इस योजना से अवांह, दरमन, छवालू, वैसका, फलेत और पुरखेड़ी सहित लगभग एक दर्जन गांवों की करीब 2,000 आबादी को स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिलेगी।इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि भटियात विधानसभा क्षेत्र में जल शक्ति विभाग की विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए जून 2027 तक लगभग 900 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार सड़क, पेयजल, शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत और सामाजिक सेवाओं के विस्तार को प्राथमिकता दे रही है।

उन्होंने बताया कि जल शक्ति विभाग ने पिछले चार वर्षों में 172 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं के निर्माण कार्य पूरे किए हैं। वर्तमान में 365 करोड़ रुपये की लागत वाली योजनाओं पर कार्य जारी है, जबकि 564 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं के प्रस्तावों को मंजूरी मिल चुकी है।विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि जिला चंबा के लिए केंद्र प्रायोजित योजनाओं के तहत 500 करोड़ रुपये की परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं, जिनमें से 109 करोड़ रुपये की योजनाएं भटियात विधानसभा क्षेत्र से संबंधित हैं।उन्होंने ग्राम पंचायत अवांह में सामुदायिक भवन, पटवारखाना, खेल मैदान, जिम और रामलीला मंच के निर्माण सहित छवालू, बरोहियां तथा भरेरा गांवों को सड़क सुविधा उपलब्ध करवाने संबंधी मांगों को पूरा करने की घोषणा भी की।

पठानिया ने जनप्रतिनिधियों से आपसी मतभेद भुलाकर क्षेत्र के विकास के लिए मिलकर कार्य करने की अपील की। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को शेष समस्याओं का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए।कार्यक्रम में एसडीएम मनीष सोनी, डीएसपी शेर सिंह, जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता राकेश ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!