चौगान नंबर-1 में 1 दिसंबर से आम लोगों की आवाजाही पर रोक, डीसी चंबा ने जारी किए आदेश

चंबा. 19 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
जिला मुख्यालय चंबा के ऐतिहासिक चौगान नंबर-1 के रखरखाव एवं संरक्षण को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने इसके उपयोग पर प्रतिबंध लगाने के आदेश जारी किए हैं। उपायुक्त एवं जिला मजिस्ट्रेट चंबा की ओर से जारी आदेशों के अनुसार 1 दिसंबर 2026 से चौगान नंबर-1 का उपयोग आगामी आदेशों तक पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।जिला उपायुक्त कार्यालय चंबा की ओर से 31 अक्तूबर 2026 को जारी आदेश संख्या सीबीए-डीएन-चौगान परमिशन/2026 (40035-39) में स्पष्ट किया गया है कि पूर्व में अपनाई जाती रही व्यवस्था के अनुरूप आगामी घास अंकुरण के मौसम को ध्यान में रखते हुए चौगान नंबर-1 के रखरखाव के लिए यह निर्णय लिया गया है। इसके तहत 1 दिसंबर 2026 से चौगान नंबर-1 में किसी भी प्रकार की गतिविधि एवं उपयोग की अनुमति नहीं होगी।

प्रशासन का यह कदम चौगान के प्राकृतिक स्वरूप और हरियाली को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से उठाया गया है, ताकि घास को दोबारा उगने और मैदान को आवश्यक रूप से विकसित होने का पर्याप्त समय मिल सके। चौगान चंबा शहर की ऐतिहासिक पहचान होने के साथ-साथ स्थानीय लोगों और पर्यटकों के लिए भी विशेष महत्व रखता है। यहां वर्षभर विभिन्न सामाजिक, सांस्कृतिक और खेल गतिविधियां आयोजित होती रहती हैं।जिला प्रशासन ने जारी आदेशों में स्पष्ट किया है कि प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ संबंधित कानून के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।यह आदेश जिला मजिस्ट्रेट चंबा की ओर से जारी किए गए हैं। प्रशासन ने संबंधित लोगों और संस्थाओं से आदेशों की पालना सुनिश्चित करने की अपेक्षा की है। अब 1 दिसंबर से चौगान नंबर-1 आगामी आदेशों तक आम गतिविधियों के लिए उपलब्ध नहीं रहेगा।
