गण्डियार में जंगल की आग बिजली ट्रांसफार्मर तक पहुंची, अग्निशमन दल ने पाया काबू

डलहौजी/चंबा 14 अक्टूबर न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
उपमंडल डलहौजी के अंतर्गत गांव गण्डियार में मंगलवार देर शाम जंगल में लगी आग के दुकानों और बिजली ट्रांसफार्मर के नजदीक पहुंचने से अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन वे इसमें सफल नहीं हो पाए। इसके बाद ग्रामीणों ने तुरंत अग्निशमन पोस्ट बनीखेत को सूचना दी।

सूचना मिलते ही अग्निशमन दल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल घटनास्थल पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। अग्निशमन कर्मियों की मुस्तैदी से आग पर काबू पाया गया और संभावित बड़े नुकसान को टाल दिया गया।अग्निशमन विभाग के अनुसार, यदि ग्रामीण समय रहते विभाग को सूचित नहीं करते और आग बिजली के ट्रांसफार्मर तक पहुंच जाती, तो लगभग 40 लाख रुपये तक का नुकसान हो सकता था।

समय पर मिली सूचना और अग्निशमन दल की त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में एक बड़ा हादसा होने से बच गया।इस अभियान में एलएफएम अशोक कुमार, एफएम अनिल कुमार, होमगार्ड एफएम सुरेंद्र कुमार तथा चालक विजय कुमार ने अपनी सेवाएं दीं।अग्निशमन विभाग ने लोगों से अपील की है कि जंगलों में आग लगने की घटना सामने आने पर तुरंत विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते आग पर काबू पाकर जान-माल और सरकारी संपत्ति को होने वाले नुकसान से बचाया जा सके।
