डलहौजी विधानसभा क्षेत्र में बंद बस रूटों का मुद्दा विधानसभा में गूंजा, उपमुख्यमंत्री से मांगा जवाब

डलहौजी विधानसभा क्षेत्र में बंद बस रूटों का मुद्दा विधानसभा में गूंजा, उपमुख्यमंत्री से मांगा जवाब

कांगड़ा 19 नवंबर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण एवं दूरदराज के इलाकों में हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बंद पड़ी बस सेवाओं का मुद्दा अब विधानसभा में उठाया गया है। क्षेत्र के लोगों को पेश आ रही परिवहन संबंधी परेशानियों को ध्यान में रखते हुए इस महत्वपूर्ण विषय को विधानसभा के पटल पर रखकर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री से जवाब मांगा गया है।जानकारी के अनुसार, डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न ग्रामीण इलाकों में निगम की कई बस सेवाएं पिछले कुछ समय से बंद पड़ी हैं। इनमें डंडी से चम्बा वाया छुद्रा, अथेड़ से चम्बा, सिमनी-शेरपुर से डलहौजी, गट्टागला-नडल से चम्बा, सुरंगानी से डलहौजी तथा चम्बा से पुखरी कटारा जाने वाली बस सेवाएं प्रमुख रूप से शामिल हैं। इन रूटों पर बसों का संचालन बंद होने से स्थानीय लोगों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों, कर्मचारियों, बुजुर्गों, मरीजों और रोजमर्रा के कार्यों के लिए शहरों का रुख करने वाले लोगों को निजी वाहनों अथवा अन्य महंगे साधनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।

जिन क्षेत्रों में परिवहन के सीमित साधन उपलब्ध हैं, वहां बस सेवा बंद होने से लोगों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को केवल आर्थिक लाभ और घाटे के नजरिये से नहीं देखा जाना चाहिए। दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले गरीब और आम नागरिकों के लिए एचआरटीसी की बसें आवागमन का सबसे महत्वपूर्ण साधन हैं। ऐसे में सरकार की जिम्मेदारी है कि वह जनहित को सर्वोपरि रखते हुए इन बंद पड़े रूटों पर बस सेवाएं दोबारा शुरू करवाए।अब क्षेत्रवासियों को उम्मीद है कि विधानसभा में उठाए गए इस मुद्दे पर सरकार सकारात्मक निर्णय लेते हुए बंद बस रूटों को बहाल करेगी, ताकि ग्रामीण जनता को राहत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!