चंबा बाजार में पुलिस का एक्शन, सड़क पर फैला सामान हटवाया; वाहन चालकों को भी दी हिदायत

चंबा बाजार में पुलिस का एक्शन, सड़क पर फैला सामान हटवाया; वाहन चालकों को भी दी हिदायत

चंबा 08 अक्टूबर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

चंबा 08 अक्टूबर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस ब्यूरो ब

शहर के मुख्य बाजार में बढ़ते ट्रैफिक और सड़क तक फैलते दुकानदारों के सामान से राहगीरों को हो रही परेशानी को देखते हुए जिला पुलिस ने गुरुवार को कार्रवाई की। डीएसपी हेडक्वार्टर बलदेव दत्त की अगुवाई में पुलिस टीम ने दोपहर बाद मुख्य बाजार का निरीक्षण किया। पुलिस टीम के अचानक पहुंचते ही सड़क पर सामान सजाकर बैठे दुकानदारों और बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े करने वालों में हलचल मच गई।पुलिस ने पाया कि कई दुकानदारों ने अपनी निर्धारित दुकान की सीमा से आगे तक सामान फैला रखा था, जिससे सड़क और पैदल चलने की जगह संकरी हो रही थी।

पुलिस कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर सड़क से सामान हटवाया और दुकानदारों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सार्वजनिक सड़क, फुटपाथ अथवा पैदल चलने वाले स्थान पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।इसके अलावा बाजार और सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े दोपहिया वाहनों को भी हटवाया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से बाजार में यातायात व्यवस्था कुछ हद तक सुचारु हुई और राहगीरों को भी राहत मिली। स्थानीय लोगों ने कहा कि मुख्य बाजार में दिनभर वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में यदि दुकानदार सड़क तक सामान फैलाएं और वाहन भी मनमाने ढंग से खड़े किए जाएं तो जाम के साथ पैदल चलने में भी परेशानी होती है।

डीएसपी हेडक्वार्टर बलदेव दत्त ने कहा कि यह कार्रवाई केवल एक दिन की मुहिम नहीं है। बढ़ती ट्रैफिक समस्या को देखते हुए पुलिस समय-समय पर बाजार का निरीक्षण करती रहेगी। उन्होंने लोगों से वाहनों को निर्धारित स्थानों पर ही पार्क करने और यातायात बाधित न करने की अपील की। साथ ही वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने की हिदायत दी।फिलहाल पुलिस ने चालान के बजाय जागरूकता और चेतावनी पर जोर दिया है, लेकिन नियमों की अनदेखी जारी रहने पर आगामी दिनों में सख्त कार्रवाई के संकेत भी दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!