वोटों में कथित धांधली के आरोपों को लेकर चंबा में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, केंद्र सरकार के खिलाफ की नारेबाजी

चंबा 08 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
वोटों में कथित गड़बड़ी और चुनावी प्रक्रिया को लेकर कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन का असर चंबा में भी देखने को मिला। जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उपायुक्त कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन कर केंद्र की मोदी सरकार और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने लोकतांत्रिक व्यवस्था और चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्र सरकार से जवाब मांगा।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि विपक्ष की ओर से चुनावी प्रक्रिया में कथित गड़बड़ी और वोटों में हेरफेर के मुद्दे को लगातार उठाया जा रहा है, लेकिन केंद्र सरकार इस पर गंभीरता से जवाब नहीं दे रही है।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी सहित विपक्षी नेताओं के विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस कार्रवाई और कई सांसदों को हिरासत में लिए जाने का भी विरोध किया।जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत भरमौरी ने आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया से जुड़े गंभीर सवालों का जवाब संबंधित अधिकारियों और केंद्र सरकार को देना चाहिए। उन्होंने ज्ञानेश प्रसाद पर केंद्र सरकार और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दबाव में काम करने का आरोप लगाते हुए उन्हें तत्काल पद से हटाने की मांग की।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि उनका आंदोलन किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और कथित वोट गड़बड़ी की जांच की मांग को लेकर है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों पर चुनावी प्रक्रिया में अनियमितता के आरोप हैं, उनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। कांग्रेस ने कहा कि जिला स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक विरोध-प्रदर्शन जारी रखे जाएंगे। पार्टी नेताओं ने दोहराया कि कथित वोट गड़बड़ी की जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होने तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।