चंबा में पानी के बिलों को लेकर उपभोक्ताओं में बढ़ता रोष, 14 महीने का एरियर एकमुश्त वसूलने पर उठे कई सवाल

चंबा में पानी के बिलों को लेकर उपभोक्ताओं में बढ़ता रोष, 14 महीने का एरियर एकमुश्त वसूलने पर उठे कई सवाल

चंबा 08 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

जिला चंबा में पेयजल और सीवरेज बिलों की बिलिंग व्यवस्था को लेकर उपभोक्ताओं में रोष बढ़ता जा रहा है। लंबे समय तक बिलिंग और भुगतान प्रक्रिया प्रभावित रहने के बाद अब करीब 14 महीने का एरियर एक साथ बिलों में जोड़कर भेजे जाने से उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ने की बात सामने आई है। इस मुद्दे को लेकर सामाजिक संगठनों, बुद्धिजीवियों और चंबा संघर्ष समिति के प्रतिनिधिमंडल ने जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंपकर बिलिंग व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई।प्रतिनिधिमंडल के अनुसार अगस्त 2025 के दौरान बिना स्पष्ट सूचना के पानी के बिलों का भुगतान लेना बंद कर दिया गया था। इसके बाद लंबे अंतराल तक बिलिंग प्रक्रिया सामान्य नहीं हो सकी। अब करीब 14 महीने का बकाया एकमुश्त जोड़कर बिल जारी किए जाने से कई उपभोक्ताओं को अपेक्षाकृत अधिक राशि का भुगतान करना पड़ रहा है।

प्रतिनिधिमंडल ने सवाल उठाया कि जब बिलिंग और भुगतान प्रक्रिया विभागीय स्तर पर बाधित रही, तो लंबे समय का एरियर एक साथ उपभोक्ताओं से वसूलना किस हद तक उचित है। उन्होंने विभाग से पेयजल और सीवरेज शुल्क को लेकर स्पष्ट, स्थायी और पारदर्शी नीति बनाने की मांग की।इसके अलावा मीटर लगाने, खराब होने, रखरखाव और बदलने की जिम्मेदारी स्पष्ट करने, ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जल शुल्क की असमानता दूर करने तथा हर महीने नियमित बिल जारी करने की मांग की गई। प्रतिनिधिमंडल ने यह भी कहा कि किसी नई बिलिंग व्यवस्था को लागू करने से पहले उपभोक्ताओं को इसकी सार्वजनिक सूचना दी जानी चाहिए।वक्ताओं ने कहा कि बिल का भुगतान करना उपभोक्ता की जिम्मेदारी है, लेकिन नियमित और पारदर्शी बिलिंग व्यवस्था सुनिश्चित करना विभाग का दायित्व है। उन्होंने चेतावनी दी कि समस्या का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो बिलिंग व्यवस्था को लेकर लोगों का असंतोष और बढ़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!