पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत में दो दिवसीय विज्ञान प्रदर्शनी, प्रयोगों से विद्यार्थियों ने समझे विज्ञान के सिद्धांत

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत में दो दिवसीय विज्ञान प्रदर्शनी, प्रयोगों से विद्यार्थियों ने समझे विज्ञान के सिद्धांत

डलहौजी/ चम्बा, 8 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत में 7 और 8 अक्टूबर को दो दिवसीय भ्रमणशील विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। प्रदर्शनी का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, जिज्ञासा, तार्किक सोच और नवाचार की भावना को बढ़ावा देना रहा। पालमपुर विज्ञान केंद्र की ओर से राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार की पहल के तहत आयोजित इस प्रदर्शनी में विद्यार्थियों को विज्ञान के विभिन्न सिद्धांतों और प्रयोगों को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर मिला।प्रदर्शनी के दौरान विज्ञान संचारक दिनेश कुमार ने विभिन्न वैज्ञानिक मॉडलों, प्रयोगों और प्रदर्शों के माध्यम से विद्यार्थियों को विज्ञान की जटिल अवधारणाओं को सरल, सहज और रोचक तरीके से समझाया।

दैनिक जीवन से जुड़े उदाहरणों तथा प्रयोगात्मक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को यह समझाया गया कि विज्ञान केवल पुस्तकों तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि इसका सीधा संबंध हमारे दैनिक जीवन और आसपास होने वाली विभिन्न घटनाओं से है।विद्यालय के विद्यार्थियों ने प्रदर्शनी में विशेष उत्साह दिखाते हुए विभिन्न वैज्ञानिक मॉडलों का अवलोकन किया और प्रयोगात्मक गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लिया। इस दौरान उन्होंने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के व्यावहारिक पक्ष को करीब से जाना तथा सवाल पूछकर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान भी किया।विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती करमजीत कौर ने कहा कि इस तरह की विज्ञान प्रदर्शनी विद्यार्थियों को पढ़े हुए सिद्धांतों को देखकर, समझकर और प्रयोग करके सीखने का अवसर प्रदान करती है। उन्होंने कहा कि विज्ञान के प्रति जिज्ञासा ही नई खोजों और नवाचार का आधार बनती है।

प्राचार्या ने पालमपुर विज्ञान केंद्र की इस पहल के लिए आभार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों से वैज्ञानिक सोच विकसित करने और अपने आसपास की घटनाओं को तर्क एवं जिज्ञासा की दृष्टि से समझने का आह्वान किया। दो दिवसीय प्रदर्शनी विद्यार्थियों के लिए ज्ञान, प्रयोग और जिज्ञासा का प्रभावी संगम साबित हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!