चकरा के पारंपरिक छिंज मेले का समापन, विधायक डीएस ठाकुर ने पहलवानों को किया सम्मानित
ग्रामीण संस्कृति और पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने में मेलों की अहम भूमिका : डीएस ठाकुर

डलहौजी/चंबा , 11 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
ग्राम पंचायत टप्पर के चकरा में आयोजित पारंपरिक छिंज मेले का समापन समारोह उत्साह और धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। समापन समारोह में डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डीएस ठाकुर ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान उन्होंने दंगल प्रतियोगिता में भाग लेने वाले पहलवानों का उत्साहवर्धन किया तथा विजेता और उपविजेता पहलवानों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।समारोह को संबोधित करते हुए विधायक डीएस ठाकुर ने कहा कि पारंपरिक मेले हिमाचल प्रदेश की समृद्ध लोक संस्कृति, प्राचीन परंपराओं और सामाजिक एकता के प्रतीक हैं।

ऐसे आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों की सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ-साथ लोगों को आपसी भाईचारे और मेल-मिलाप का अवसर भी प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि छिंज मेले में आयोजित दंगल जैसी पारंपरिक खेल प्रतियोगिताएं युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच उपलब्ध करवाती हैं।उन्होंने कहा कि कुश्ती जैसे पारंपरिक खेल युवाओं में अनुशासन, साहस, आत्मविश्वास और शारीरिक मजबूती विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। आज के दौर में युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखकर खेलों और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना बेहद जरूरी है।

इस दिशा में ग्रामीण स्तर पर आयोजित होने वाले मेले और खेल प्रतियोगिताएं सराहनीय योगदान दे रहे हैं।विधायक ने छिंज मेले के सफल आयोजन के लिए मेला कमेटी के अध्यक्ष, सभी सदस्यों और चकरा क्षेत्र के निवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि क्षेत्र के लोग भविष्य में भी इसी उत्साह के साथ अपनी प्राचीन लोक संस्कृति और पारंपरिक खेलों की धरोहर को आगे बढ़ाते रहेंगे।मेले के समापन अवसर पर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। इस आयोजन ने क्षेत्र की सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ-साथ ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया।
