डलहौजी पब्लिक स्कूल का चिल्ड्रन्स साइंस कांग्रेस और मैथमेटिक्स ओलंपियाड में शानदार प्रदर्शन, दो छात्र राज्य स्तर के लिए भी चयनित

डलहौजी/चम्बा 18 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
डलहौजी पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने चिल्ड्रन्स साइंस कांग्रेस और मैथमेटिक्स ओलंपियाड की जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है। विद्यार्थियों ने विभिन्न श्रेणियों में शीर्ष स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा, मेहनत और शैक्षणिक दक्षता का परिचय दिया। इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी का माहौल है। विशेष उपलब्धि यह रही कि मैथमेटिक्स ओलंपियाड में शानदार प्रदर्शन करने वाले दो विद्यार्थियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया है।राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, मेहला में आयोजित चिल्ड्रन्स साइंस कांग्रेस में डलहौजी पब्लिक स्कूल की जूनियर क्विज टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। टीम के सदस्य रुतांश और अकुल ने जूनियर वर्ग में दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, सीनियर क्विज टीम के हर्ष और विवान ने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए सीनियर वर्ग में दूसरा स्थान हासिल किया। विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता के दौरान अपने वैज्ञानिक ज्ञान, तार्किक क्षमता और टीम भावना का परिचय दिया।

इसके अतिरिक्त, मैथमेटिक्स ओलंपियाड में भी विद्यालय के विद्यार्थियों ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की। शौर्य ने सीनियर सेकेंडरी वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कार्तिकेय ने सीनियर वर्ग में दूसरा स्थान हासिल कर विद्यालय को गौरवान्वित किया। इस उपलब्धि के आधार पर शौर्य और कार्तिकेय का चयन शिमला में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। अब दोनों विद्यार्थी राज्य स्तर पर डलहौजी पब्लिक स्कूल का प्रतिनिधित्व करेंगे।विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की यह सफलता उनकी कड़ी मेहनत, निरंतर अभ्यास और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है।विद्यालय प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि शौर्य और कार्तिकेय राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे। इन उपलब्धियों से अन्य विद्यार्थियों को भी विज्ञान और गणित के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।
