नूरपुर में पिकअप से 1.012 किलो चरस बरामद, मंडी के दो आरोपी गिरफ्तार

नूरपुर/ कांगड़ा 18 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
पुलिस जिला नूरपुर में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस की सीआईए टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग-154 पर एक पिकअप गाड़ी से 1 किलो 12 ग्राम चरस बरामद की है। पुलिस ने इस मामले में जिला मंडी के रहने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना नूरपुर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 17 अक्टूबर 2026 की रात सीआईए नूरपुर की टीम नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस टीम को एनएच-154 पर बौड़ बस स्टॉप के नजदीक नूरपुर से पठानकोट की ओर जाने वाले मार्ग पर सड़क के बाईं तरफ एक पिकअप गाड़ी नंबर HP-76-2409 खड़ी हुई मिली। पुलिस टीम ने संदेह के आधार पर गाड़ी की तलाशी ली। तलाशी के दौरान गाड़ी की चालक सीट के नीचे छिपाकर रखी गई 1 किलो 12 ग्राम चरस बरामद हुई।पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए गाड़ी में सवार दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान किशोरी लाल (35), पुत्र भागीरथ, तथा उत्तम चंद (45), पुत्र हल्कु राम, दोनों निवासी गांव बड़ी बजगान, जिला मंडी, हिमाचल प्रदेश के रूप में हुई है।पुलिस ने बरामद चरस को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी चरस कहां से लेकर आए थे और इसे कहां पहुंचाया जाना था। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।मामले की पुष्टि पुलिस जिला नूरपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने की। उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने और युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा।