डलहौजी में जिला स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता का समापन, रायपुर के लोकनृत्य ने मारी बाजी

डलहौजी में जिला स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता का समापन, रायपुर के लोकनृत्य ने मारी बाजी

पूर्व शिक्षा मंत्री आशा कुमारी ने विजेता प्रतिभागियों को किया सम्मानित, चंबा की संस्कृति की झलक ने मोहा मन

डलहौजी/चम्बा 17 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

पीएम श्री नेताजी सुभाष चंद्र बोस राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डलहौजी में आयोजित दो दिवसीय अंडर-19 छात्रा वर्ग की जिला स्तरीय सांस्कृतिक प्रतियोगिता का समापन उत्साहपूर्ण माहौल में हुआ। समापन समारोह में हिमाचल प्रदेश की पूर्व शिक्षा मंत्री आशा कुमारी ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस दौरान आयोजित लोकनृत्य प्रतियोगिता ने उपस्थित अतिथियों को चंबा की समृद्ध लोक संस्कृति से रूबरू करवाया।प्रतियोगिताओं में सुभाषितानि में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धुलारा प्रथम, नगाली द्वितीय और रायपुर तृतीय रहा। भाषण प्रतियोगिता में सीबीएसई चंबा ने प्रथम, बलेरा ने द्वितीय और नगाली ने तृतीय स्थान हासिल किया। एकांकी में रायपुर प्रथम, बकानी द्वितीय, जबकि डलहौजी और चूहन संयुक्त रूप से तृतीय रहे।

आर्केस्ट्रा में सीबीएसई चंबा प्रथम और रायपुर द्वितीय रहा। शास्त्रीय संगीत तथा सुगम संगीत में सीबीएसई चंबा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सुगम संगीत में रायपुर द्वितीय रहा। समूहगान और संस्कृत गीतिका में सीबीएसई चंबा प्रथम तथा चनेड़ द्वितीय स्थान पर रहा। लोकनृत्य में रायपुर ने प्रथम और भरमौर ने द्वितीय स्थान हासिल किया।मुख्य अतिथि आशा कुमारी ने विद्यालय की प्रधानाचार्य वंदना शर्मा और स्टाफ के स्वागत-सत्कार की सराहना की। उन्होंने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की प्रशंसा करते हुए विद्यार्थियों को अपनी परंपराओं और संस्कृति से जुड़े रहने का संदेश दिया। उन्होंने अंडर-14 राष्ट्रीय स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता के लिए चयनित डलहौजी विद्यालय की छात्रा पूनम और उसके अभिभावकों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में नगर परिषद डलहौजी की अध्यक्ष वंदना चड्ढा सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। प्रतियोगिताओं का संचालन गुरप्रीत कौर, डॉ. मीनल और तरुण इस्सर ने किया, जबकि मंच संचालन गुलशन पॉल और वीरेंद्र ठाकुर ने किया। अंत में प्रधानाचार्य वंदना शर्मा ने सभी अतिथियों, निर्णायकों और प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!