शहीद नरेश कुमार की स्मृति में आयोजित मेले में पहुंचे मंत्री विक्रमादित्य सिंह, स्मारक बनाने का दिया आश्वासन

शिमला, 11 अक्टूबर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश देवी-देवताओं की भूमि है और यहां के मेले प्राचीन संस्कृति, देव परंपराओं तथा ऐतिहासिक धरोहरों को संजोए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वह शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत देवला के घराटनाला में शहीद नरेश कुमार की स्मृति में आयोजित दो दिवसीय मेले के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे।इस दौरान मंत्री ने कारगिल युद्ध में शहीद हुए नरेश कुमार को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में देश के 527 जवानों ने सर्वोच्च बलिदान दिया था, जिनमें जिला शिमला के चार वीर जवान शामिल थे।

उन्होंने शहीद नरेश कुमार की स्मृति में मेला आयोजित करने के लिए मेला समिति ठेला की सराहना की तथा घराटनाला में शहीद का स्मारक बनाने के प्रयास करने का आश्वासन दिया।हर गांव तक सड़क पहुंचाना लक्ष्यविक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार हर गांव को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए प्रतिबद्ध है। शिमला ग्रामीण क्षेत्र में सड़क निर्माण और रखरखाव के कार्य प्राथमिकता से किए जा रहे हैं। चौथा परगना क्षेत्र में दो सड़कों पर लगभग 12 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। वहीं, देवला पंचायत में पिछले साढ़े तीन वर्षों के दौरान विकास कार्यों के लिए 25 लाख रुपये तथा खेल मैदान निर्माण के लिए 15 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। सुन्नी में एचआरटीसी का सब-डिपो खोलने पर भी विचार किया जा रहा है।

25 अक्टूबर से खेल महाकुंभमंत्री ने बताया कि शिमला ग्रामीण में 25 अक्टूबर से खेल महाकुंभ शुरू होगा, जिसमें 5,000 से अधिक युवा भाग लेंगे। महिलाओं के लिए कबड्डी, बैडमिंटन, रस्साकशी और मॉडलिंग प्रतियोगिताएं भी होंगी। उन्होंने देवला पंचायत के विकास के लिए छह लाख रुपये तथा मेला समिति को 31 हजार रुपये देने की घोषणा की।समारोह में स्कूली बच्चों और महिला मंडलों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विजेता एवं उपविजेता टीमों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर एसडीएम सुन्नी राजेश वर्मा, बीडीओ नरेंद्र नेगी, पंचायत प्रतिनिधि, मेला समिति के सदस्य तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।