अपनी पाठशाला ने पूरे किए 1600 दिन, बच्चों को शिक्षा और स्वच्छता का दिया संदेश

अपनी पाठशाला ने पूरे किए 1600 दिन, बच्चों को शिक्षा और स्वच्छता का दिया संदेश

चंबा 09 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

प्रेरणा द इंस्पिरेशन संस्था द्वारा संचालित अपनी पाठशाला ने शिक्षा, संस्कार और समाजसेवा की प्रेरणादायक यात्रा के 1600 दिन पूरे कर लिए हैं। इस विशेष उपलब्धि के उपलक्ष्य में सफलता द कोचिंग इंस्टीट्यूट में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चंबा के सचिव एवं वरिष्ठ सिविल न्यायाधीश-सह-अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एकांश कपिल ने विशेष रूप से शिरकत की।कार्यक्रम के दौरान एकांश कपिल ने जरूरतमंद बच्चों को निःशुल्क शिक्षा प्रदान करने में योगदान दे रहे रोहित ठाकुर, मोनिका ठाकुर, सोनिया ठाकुर, जिया ठाकुर, स्नेहा ठाकुर, स्ना कथवान, स्नेहा शर्मा और मजहर पठान (हैप्पी सर) के प्रयासों की सराहना की।

उन्होंने सभी शिक्षकों को मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया। साथ ही पाठशाला के बच्चों को कॉपियां और पेंसिल वितरित कीं।एकांश कपिल ने बच्चों को शिक्षा के प्रति समर्पित रहने, नियमित मेहनत करने और जीवन में स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने नशे से दूर रहने का संदेश देते हुए कहा कि शिक्षा ही बेहतर भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने बच्चों को स्वच्छता के महत्व के प्रति जागरूक करते हुए आसपास साफ-सफाई बनाए रखने का आह्वान भी किया।इस अवसर पर प्रेरणा द इंस्पिरेशन संस्था के अध्यक्ष दीपक भाटिया ने एकांश कपिल को मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण बनाए रखना शहर और गांव, दोनों क्षेत्रों में प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है।

लोगों को कूड़ा-कचरा फैलाने से बचना चाहिए और दूसरों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करना चाहिए।संस्था के अनुसार, अपनी पाठशाला के 1600 दिन निःस्वार्थ सेवा, सामुदायिक सहयोग और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों का प्रतीक हैं। संस्था भविष्य में भी शिक्षा, नशामुक्ति, स्वच्छता और सामाजिक जागरूकता के माध्यम से सकारात्मक बदलाव लाने के लिए कार्य करती रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!