खैरी के राजणी गांव के समीप खाई में गिरी पिकअप, दो युवकों की मौत, दो घायल

खैरी/चंबा 19 नवंबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
जिला चंबा के खैरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत राजणी गांव के समीप बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया। समलेऊ से राजणी गांव की ओर जा रही एक पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का एनएचपीसी अस्पताल समलेऊ में उपचार चल रहा है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पिकअप वाहन बुधवार देर रात समलेऊ से राजणी गांव की ओर जा रहा था। जब वाहन राजणी गांव से करीब 250 मीटर आगे पहुंचा तो चालक अचानक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा। इसके चलते पिकअप सड़क से नीचे गहरी ढांक में जा गिरी। वाहन के खाई में गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद खाई में फंसे चारों लोगों को बाहर निकाला और सड़क तक पहुंचाया। इसके बाद सभी को उपचार के लिए एनएचपीसी अस्पताल समलेऊ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान पिकअप चालक सुनील कुमार पुत्र उत्तम चंद तथा करण कुमार पुत्र कुंडू राम के रूप में हुई है। दोनों गांव बासा, डाकघर बग्गी, तहसील सलूणी के निवासी थे। वहीं, हादसे में घायल दो अन्य लोगों का अस्पताल में उपचार जारी है।पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि सूचना मिलते ही खैरी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पिकअप चालक सुनील कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 281 और 125(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
