लाहड़ से लापता पंजाब के युवक का मोटरसाइकिल कुर्ला में मिला, पुलिस ने मालिक को सौंपा

लाहड़ से लापता पंजाब के युवक का मोटरसाइकिल कुर्ला में मिला, पुलिस ने मालिक को सौंपा

डलहौजी /चम्बा 08 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

मणिमहेश यात्रा के दौरान लाहड़ के पास खड़ा किया गया पंजाब के मुकेरियां निवासी युवक का मोटरसाइकिल लापता होने के मामले को पुलिस ने सुलझा लिया है। पुलिस ने मोटरसाइकिल को कुर्ला गांव से लावारिस हालत में बरामद कर उसके मालिक नितिन शर्मा को सुरक्षित वापस सौंप दिया है।

जानकारी के अनुसार नितिन शर्मा निवासी मुकेरियां, पंजाब ने बीते 15 सितंबर को बनीखेत पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में उसने बताया था कि वह मणिमहेश यात्रा के लिए चंबा की ओर आया था। यात्रा के दौरान उसका मोटरसाइकिल नंबर PB54 5071 खराब हो गया था। इसके चलते उसने मोटरसाइकिल को राष्ट्रीय राजमार्ग-154ए पर स्थित गांव लाहड़ के समीप खड़ा किया और मणिमहेश यात्रा के लिए रवाना हो गया।

यात्रा पूरी करने के बाद जब नितिन शर्मा वापस लाहड़ पहुंचा तो मौके पर उसका मोटरसाइकिल मौजूद नहीं था। काफी तलाश करने के बावजूद मोटरसाइकिल का कोई पता नहीं चल पाया। इसके बाद उसने बनीखेत चौकी में इसकी लिखित शिकायत दर्ज करवाई और पुलिस से मोटरसाइकिल तलाशने की गुहार लगाई।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मोटरसाइकिल की तलाश शुरू की। इसी दौरान पुलिस को सूत्रों से जानकारी मिली कि उक्त नंबर का मोटरसाइकिल गांव कुर्ला में लावारिस हालत में खड़ा है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर मोटरसाइकिल की पहचान की और इसकी जानकारी उसके मालिक नितिन शर्मा को दी।

पुलिस ने आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद मोटरसाइकिल को नितिन शर्मा के हवाले कर दिया। मोटरसाइकिल वापस मिलने पर मालिक ने पुलिस का आभार जताया।

मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी ने की है। पुलिस की तत्परता से मणिमहेश यात्रा के दौरान लापता हुआ मोटरसाइकिल उसके वास्तविक मालिक तक पहुंच गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!