नाके पर एसएचओ को टक्कर मारकर भागने की कोशिश, 14.50 ग्राम चिट्टा बरामद

नाके पर एसएचओ को टक्कर मारकर भागने की कोशिश, 14.50 ग्राम चिट्टा बरामद

ऊना/अम्ब, 07 अक्तूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

अम्ब थाना क्षेत्र के नकड़ोह में पुलिस नाके के दौरान चेकिंग से बचने का प्रयास कर रहे कार सवार दो आरोपियों ने ड्यूटी पर तैनात थाना प्रभारी (एसएचओ) विपिन कुमार को कथित तौर पर वाहन से टक्कर मार दी। घटना के बाद पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए कार का पीछा किया और दोनों आरोपियों को वाहन समेत काबू कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे तथा मुख्य आरोपी के घर से कुल 14.50 ग्राम चिट्टा बरामद किया है।पुलिस के अनुसार नकड़ोह क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी की सूचना मिलने पर अम्ब पुलिस ने नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की थी। इसी दौरान एक संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसकी गति बढ़ा दी और सामने खड़े एसएचओ विपिन कुमार को टक्कर मारते हुए मौके से भागने का प्रयास किया। हादसे में एसएचओ घायल हो गए।इसके बावजूद पुलिस टीम ने तत्काल कार का पीछा किया और कुछ दूरी पर वाहन को रोककर दोनों आरोपियों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 5.77 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी अर्जुन सिंह उर्फ जोनी, निवासी वार्ड नंबर-4, कैलाश नगर, नकड़ोह के घर पर दबिश दी। घर की तलाशी में पुलिस को 8.73 ग्राम चिट्टा और बरामद हुआ।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अर्जुन सिंह उर्फ जोनी निवासी नकड़ोह और जसकीरत सिंह निवासी देवनगर, गगरेट के रूप में हुई है।डीएसपी अम्ब अनिल पटियाल ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने और पुलिस अधिकारी को वाहन से टक्कर मारने से संबंधित धाराएं भी जोड़ी गई हैं।घायल एसएचओ विपिन कुमार को उपचार के लिए सिविल अस्पताल अम्ब ले जाया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई गई है। पुलिस दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड मांगेगी। पूछताछ में चिट्टा सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!