जनजातीय क्षेत्र भरमौर में तीन अलग-अलग मार्गों पर खराब पड़ी निगम की बसें, स्थानीय लोग परेशान

जनजातीय क्षेत्र भरमौर में तीन अलग-अलग मार्गों पर खराब पड़ी निगम की बसें, स्थानीय लोग परेशान
भरमौर/ चम्बा 08 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
जनजातीय क्षेत्र भरमौर में हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों के लगातार खराब होने से ग्रामीण क्षेत्रों की परिवहन व्यवस्था प्रभावित हो रही है। खनी, सुप्पा और पट्टी मार्ग पर निगम की तीन बसें खराब होने के कारण रास्तों में खड़ी हैं। इससे इन मार्गों पर नियमित बस सेवा प्रभावित होने के साथ स्थानीय लोगों को आवाजाही में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।खनी मार्ग पर निगम की मिनी बस पिछले करीब एक सप्ताह से मामूली खराबी के कारण सड़क किनारे खड़ी है। लंबे समय से बस के खड़े रहने के कारण ग्रामीणों को आने-जाने के लिए वैकल्पिक साधनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। वहीं, सुप्पा मार्ग पर वीरवार सुबह निगम की बस पुलन गांव के समीप खराब हो गई। बस ऐसे स्थान पर खड़ी है, जहां सड़क बेहद संकरी होने के कारण छोटे वाहनों और यहां तक कि मोटरसाइकिलों को निकालने में भी दिक्कत हो रही है।स्थानीय लोगों के अनुसार पुलन के समीप पहाड़ी दरकने के बाद लोक निर्माण विभाग के मजदूरों ने नई पहाड़ी काटकर छोटे वाहनों के आवागमन योग्य रास्ता तैयार किया था।

इसके बाद क्षेत्र के लोगों का भरमौर से संपर्क बहाल हो पाया। ऐसे में संकरे हिस्से में बस खराब होने से यातायात प्रभावित होने के साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी हुई है।इसी तरह पट्टी बस स्टैंड के बाद भी निगम की एक बस पिछले तीन दिनों से खराब हालत में खड़ी है। तीन अलग-अलग मार्गों पर बसों के खराब होने से ग्रामीणों में नाराजगी है।ग्रामीणों ने निगम के उच्च अधिकारियों से मांग की है कि खराब बसों को जल्द हटाकर इनकी जगह बेहतर स्थिति वाली बसें उपलब्ध करवाई जाएं। ग्रामीणों का कहना है कि दुर्गम क्षेत्र की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए यहां ऐसी बसें भेजी जानी चाहिए, जो संकरी और कठिन सड़कों पर सुरक्षित रूप से संचालित हो सकें।उधर, अड्डा प्रभारी कुलदीप कुमार ने बताया कि खनी, सुप्पा और पट्टी मार्ग पर बसों के खराब होने की जानकारी उच्च अधिकारियों को भेज दी गई है।
