परेल में पिकअप से टकराई बाइक, 32 वर्षीय युवक की मौत; चालक गिरफ्तार

परेल में पिकअप से टकराई बाइक, 32 वर्षीय युवक की मौत; चालक गिरफ्तार

चंबा 08 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

चंबा-पठानकोट राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर परेल के पास मंगलवार रात हुए सड़क हादसे में बाइक सवार 32 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब सड़क के बीच पिकअप वाहन को मोड़ते समय सामने से आ रही बाइक उससे जोरदार टकरा गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक ने टांडा मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया, हालांकि बाद में उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया।जानकारी के अनुसार अपर जुलाहकड़ी, डाकघर हरदासपुरा निवासी शुभम अरोड़ा मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे अपनी बाइक नंबर एचपी-48ए-8192 पर पठानकोट की ओर जा रहा था। जब वह परेल के समीप पहुंचा तो नगोड़ी, डाकघर साच निवासी विशाल कुमार पिकअप वाहन को सड़क के बीच में मोड़ रहा था।

इसी दौरान बाइक पिकअप से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि शुभम सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।हादसे के बाद घायल शुभम को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। परिजन एंबुलेंस के माध्यम से उसे टांडा ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।बीते कल बुधवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। हादसे के बाद पुलिस ने पिकअप चालक विशाल कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 125(ए) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे के पीछे पिकअप चालक की लापरवाही सामने आई है। पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर लिया था, जिसे बाद में जमानत पर रिहा किया गया। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!