जयराम ठाकुर का सुक्खू सरकार पर हमला, बोले- राजनीतिक मकसद से बने जिले तो भाजपा करेगी समीक्षा

जयराम ठाकुर का सुक्खू सरकार पर हमला, बोले- राजनीतिक मकसद से बने जिले तो भाजपा करेगी समीक्षा

भलेई/चम्बा 17 अक्तूबर चांपा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने चंबा प्रवास के दौरान प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद करने, चुनावी गारंटियां पूरी न करने और पंचायत चुनावों को टालने की कोशिश करने के आरोप लगाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि नए जिलों का गठन राजनीतिक मकसद या जनभावनाओं के विपरीत किया गया, तो भाजपा की सरकार बनने पर इन फैसलों की समीक्षा की जाएगी।चुराह विधानसभा क्षेत्र के कोटी और डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के भलेई में आयोजित नवनिर्वाचित पंचायत जनप्रतिनिधि सम्मान सम्मेलनों में जयराम ठाकुर ने जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए ग्रामीण विकास और जनकल्याण को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने दावा किया कि पंचायत राज संस्थाओं और नगर निकायों के चुनावों में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की सफलता से प्रदेश में कांग्रेस के प्रति जनता की नाराजगी स्पष्ट हो गई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों में जुटने की अपील की।एक प्रेसवार्ता में उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार ने गृहिणी सुविधा, शगुन, सहारा, हिमकेयर और स्वावलंबन जैसी योजनाओं को ठंडे बस्ते में डाल दिया है।

साथ ही, चुनावी गारंटियों और घोषणापत्र के वादों को पूरा करने में भी सरकार विफल रही है। उन्होंने पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल में बुजुर्गों की पेंशन आयु सीमा 80 से घटाकर 60 वर्ष करने का उल्लेख करते हुए कांग्रेस सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए।पंचायत चुनावों को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा ने लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए सर्वोच्च न्यायालय तक लड़ाई लड़ी। वहीं, एसआईआर और ईवीएम के मुद्दे पर राहुल गांधी को घेरते हुए उन्होंने कांग्रेस पर जनता का ध्यान भटकाने का आरोप लगाया।जयराम ठाकुर ने कहा कि विधानसभा क्षेत्रों की सीमाओं में मनमाने बदलाव कर नए जिले बनाए गए, तो भाजपा सत्ता में आने पर उनकी समीक्षा करेगी। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों से प्रभावित होकर कांग्रेस के कई कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हुए हैं।इस दौरान सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज, राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन, विधायक विपिन सिंह परमार, हंसराज, डी.एस. ठाकुर, पूर्व विधायक पवन नैयर और भाजपा जिलाध्यक्ष धीरज नरयाल सहित कई वरिष्ठ नेता व पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!