जिला स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस में जीएनपीएस का शानदार प्रदर्शन, चार विद्यार्थी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित

चंबा 17 अक्टूबर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
जिला स्तरीय हिमाचल प्रदेश बाल विज्ञान कांग्रेस 2026 में जीएनपीएस (GNPS) के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल की हैं। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, वैज्ञानिक सोच और रचनात्मकता का परिचय देकर विद्यालय का नाम रोशन किया। इस प्रतियोगिता में विद्यालय के चार विद्यार्थियों ने अलग-अलग श्रेणियों में स्थान हासिल कर जिले का प्रतिनिधित्व करने के लिए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी जगह बनाई है।प्रतियोगिता के परिणामों के अनुसार गणित ओलंपियाड जूनियर वर्ग में निश्चित सिंह भंडारी ने जिला स्तर पर प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, इनोवेटिव साइंस मॉडल जूनियर वर्ग में ऋषभ पंवार और आरव ठाकुर की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।

इसी प्रकार, साइंस एक्टिविटी सीनियर सेकेंडरी वर्ग में मनीत मिन्हास ने प्रथम स्थान हासिल कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वहीं, साइंस एक्टिविटी सीनियर वर्ग में सार्थक शर्मा ने तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय की उपलब्धियों में एक और उपलब्धि जोड़ दी।इन चारों विद्यार्थियों का चयन राज्य स्तरीय बाल विज्ञान कांग्रेस के लिए हुआ है, जहां वे जिला चंबा का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह उपलब्धि विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है।विद्यालय प्रबंधन ने इस शानदार सफलता पर सभी विद्यार्थियों, उनके प्रशिक्षकों और अभिभावकों को बधाई दी। साथ ही, विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जताई कि वे राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भी बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय और जिला चंबा का नाम रोशन करेंगे।GNPS का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार, तार्किक क्षमता और रचनात्मक सोच को बढ़ावा देना है।

विद्यालय निरंतर शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रयासरत है। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में मिली यह सफलता विद्यालय की इसी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।