महामहिम राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अटल टनल रोहतांग (मनाली) का किया दौरा

मनाली, 07 अक्तूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने आज बुधवार को हिमाचल प्रदेश के सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण अटल टनल, रोहतांग का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सुरंग की विशेषताओं और इसके माध्यम से लाहौल-स्पीति क्षेत्र को वर्षभर मिलने वाली सड़क कनेक्टिविटी का अवलोकन किया।अटल टनल रोहतांग हिमालय के दुर्गम एवं चुनौतीपूर्ण भूभाग में भारत की इंजीनियरिंग क्षमता और तकनीकी दक्षता का महत्वपूर्ण उदाहरण है। यह सुरंग मनाली को लाहौल-स्पीति घाटी से पूरे वर्ष जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इससे क्षेत्र के लोगों को वर्षभर बेहतर आवागमन की सुविधा मिली है और पर्यटन, व्यापार, स्वास्थ्य तथा अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच भी सुगम हुई है।

अटल टनल का निर्माण सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) द्वारा अत्यंत कठिन भौगोलिक एवं मौसम परिस्थितियों के बीच किया गया है। इसका उद्घाटन वर्ष 2020 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। सुरंग के निर्माण ने रोहतांग दर्रे के कारण सर्दियों के दौरान लाहौल-स्पीति के कई हिस्सों के देश के अन्य क्षेत्रों से कट जाने की समस्या को काफी हद तक दूर किया है।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अटल टनल को विश्वस्तरीय इंजीनियरिंग का उत्कृष्ट नमूना बताया। उन्होंने कहा कि सीमा सड़क संगठन के कर्मियों ने असाधारण समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ इस महत्वपूर्ण परियोजना को पूरा किया है। यह प्रतिष्ठित आधारभूत संरचना भारत की तकनीकी क्षमता, दृढ़ संकल्प और कठिनतम भौगोलिक परिस्थितियों में निर्बाध संपर्क सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता का प्रमाण है।अटल टनल न केवल हिमाचल प्रदेश के लिए बल्कि सामरिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है।

इससे सीमावर्ती क्षेत्रों तक पहुंच और संपर्क व्यवस्था मजबूत हुई है। राष्ट्रपति का यह दौरा देश के विकास, आधुनिक बुनियादी ढांचे और सीमावर्ती क्षेत्रों में बेहतर कनेक्टिविटी के महत्व को भी रेखांकित करता है।