ग्राम पंचायत बाड़का में शिकायतों की जांच तेज, टीम ने दी दबिश, वार्ड मेंबरों के बयान भी दर्ज

सलूणी/ चम्बा 04 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा जिला के विकास खंड सलूणी के अंतर्गत ग्राम पंचायत बाड़का में विभिन्न शिकायतों को लेकर प्रशासन ने जांच प्रक्रिया तेज कर दी है। आज जांच समिति ने पंचायत कार्यालय में दबिश देते हुए दस्तावेजों की गहन जांच की और संबंधित पक्षों से पूछताछ भी की। इस दौरान वार्ड मेंबरों के बयान भी कलमबंद किए गए।खंड विकास अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार पंचायत के विकास कार्यों, बीपीएल सूची में कथित अनियमितताओं तथा ग्राम सभा की कार्यवाही को लेकर शिकायत दर्ज की गई थी। यह शिकायत गांव डंडी, डाकघर बाड़का निवासी धीरज कुमार द्वारा की गई है, जिसमें वर्ष 2020-21 से 2025-26 तक 15वें वित्त आयोग के तहत हुए कार्यों की जांच की मांग की गई है।

जांच के लिए गठित चार सदस्यीय समिति में समाज शिक्षा एवं खंड योजना अधिकारी सुरेश कुमार को अध्यक्ष बनाया गया है, जबकि कनिष्ठ अभियंता कालू राम, पंचायत निरीक्षक दर्शन सिंह और पंचायत सचिव नीलकमल सदस्य के रूप में शामिल हैं। टीम ने मौके पर पहुंचकर रिकॉर्ड खंगाले और पूर्व पंचायत प्रतिनिधियों से भी पूछताछ की।जांच समिति के सदस्य सुरेश ठाकुर ने बताया कि जांच प्रक्रिया जारी है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए तथ्यों की पुष्टि की जा रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी।वहीं, शिकायतकर्ता धीरज चौहान ने बताया कि उन्हें विजिलेंस मुख्यालय शिमला से भी पत्र प्राप्त हुआ है, जिसमें मामले की जांच के लिए कार्रवाई की बात कही गई है।

उन्होंने पंचायत के विकास कार्यों में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए कहा कि जांच में कई तथ्य सामने आ सकते हैं।प्रशासन द्वारा इस पूरे मामले में निष्पक्ष जांच का आश्वासन दिया गया है।