सीएसआर परियोजनाओं को समयबद्ध पूरा करें अधिकारी:- उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल

सीएसआर परियोजनाओं को समयबद्ध पूरा करें अधिकारी:- उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल

सीएसआर परियोजनाओं को समयबद्ध पूरा करें अधिकारी: उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल

चम्बा, 4 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)

आकांक्षी जिला चम्बा में निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत संचालित विकासात्मक परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सतलुज जल विद्युत निगम लिमिटेड (एसजेवीएन) द्वारा विभिन्न विभागों के माध्यम से क्रियान्वित योजनाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।उपायुक्त ने स्वास्थ्य और शिक्षा क्षेत्रों को सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर देते हुए कहा कि सीएसआर के तहत चल रही परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि आईसीडीएस विभाग के माध्यम से बच्चों में कुपोषण और अवरुद्ध वृद्धि को कम करने के लिए लगभग 4.76 करोड़ रुपये की परियोजना स्वीकृत की गई है, जिसमें से अब तक करीब 1.20 करोड़ रुपये व्यय किए जा चुके हैं।प्रारंभिक सर्वेक्षण में जिले में 4,687 कुपोषित बच्चों की पहचान की गई थी, जो विशेष पोषण कार्यक्रमों और स्वास्थ्य हस्तक्षेपों के परिणामस्वरूप घटकर 2,269 रह गई है।

वर्तमान में धात्री माताओं और पांच वर्ष तक के बच्चों को हर माह अतिरिक्त पोषण आहार के रूप में न्यूट्रिशन बार और पोर्रिज पाउडर प्रदान किया जा रहा है।उपायुक्त ने बताया कि पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय में आधुनिक 4-डी अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित की जा चुकी है, जिससे मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल रही हैं। इसके अतिरिक्त, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिहुंता में प्रकाश व्यवस्था का कार्य पूर्ण हो चुका है, जबकि चुवाड़ी में हाई मास्ट लाइट लगाने का कार्य प्रगति पर है।उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपलब्ध धनराशि का समुचित उपयोग सुनिश्चित करते हुए परियोजनाओं में तेजी लाई जाए, ताकि आम जनता को इन योजनाओं का शीघ्र लाभ मिल सके। बैठक में एसजेवीएन के उप महाप्रबंधक शैलेश दत्त सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!