सलूणी क्षेत्र की मंन्द्राणी धार में आसमानी बिजली गिरने से पांच बकरियों की मौत, पशुपालक को भारी नुकसान

सलूणी क्षेत्र की मंन्द्राणी धार में आसमानी बिजली गिरने से पांच बकरियों की मौत, पशुपालक को भारी नुकसान

सलूणी/ चम्बा, 07 अक्तूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

उपमंडल सलूणी की ग्राम पंचायत मौड़ा के अंतर्गत मंन्द्राणी धार में बुधवार सुबह तेज बारिश के दौरान आसमानी बिजली गिरने से एक पशुपालक की पांच बकरियों की मौके पर ही मौत हो गई। प्राकृतिक आपदा की इस घटना से प्रभावित परिवार को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा है।प्राप्त जानकारी के अनुसार उपतहसील तेलका के गांव बंजेडु निवासी कंठ राम बुधवार सुबह अपनी बकरियों को चराने के लिए मंन्द्राणी धार की ओर गया था। इसी दौरान क्षेत्र में मौसम अचानक खराब हो गया और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के बीच करीब 10:30 बजे अचानक आसमानी बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आने से कंठ राम की पांच बकरियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।बताया जा रहा है कि जिस समय यह हादसा हुआ, उस दौरान क्षेत्र में तेज बारिश हो रही थी। आसमानी बिजली गिरने से कुछ ही क्षणों में पांच बकरियों की मौत हो गई। घटना के बाद पशुपालक और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल बन गया। हादसे में पशुपालक को एक साथ पांच पशुओं का नुकसान होने से उसकी आजीविका प्रभावित हुई है।

स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि पशुपालन ग्रामीण क्षेत्रों में कई परिवारों की आय का प्रमुख साधन है। ऐसे में प्राकृतिक आपदा के कारण पशुओं की मौत होने से गरीब परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ जाता है। ग्रामीणों ने प्रशासन से घटना का उचित आकलन करवाने तथा प्रभावित पशुपालक को नियमानुसार सहायता उपलब्ध करवाने की मांग की है।ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और प्रदेश सरकार से मानवीय आधार पर प्रभावित परिवार की आर्थिक स्थिति को देखते हुए आपदा राहत कोष से शीघ्र आर्थिक सहायता एवं उचित मुआवजा प्रदान करने की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से संबंधित विभाग के अधिकारियों को मौके पर भेजकर नुकसान का आकलन करवाने और प्रभावित परिवार को जल्द राहत दिलाने का आग्रह किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!